
पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर ने हाल ही में अपने प्रेमी सचिन मीना से शादी करने के लिए अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया।
मुंबई:
एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस के यातायात नियंत्रण कक्ष को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर अपने देश नहीं लौटी तो 26/11 जैसा आतंकवादी हमला हो सकता है।
उन्होंने शुक्रवार को बताया कि 12 जुलाई को कॉल आई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने उर्दू में बात करते हुए कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए हमले की तरह एक आतंकवादी हमला होगा और इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार जिम्मेदार होगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस धमकी भरे कॉल की जांच कर रही है और अपराध शाखा की एक टीम को भी इसमें शामिल किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि कॉल एक ऐप के जरिए की गई थी और पुलिस कॉल करने वाले के आईपी पते को ट्रैक करने की कोशिश कर रही थी।
पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर हाल ही में ग्रेटर नोएडा निवासी अपने प्रेमी सचिन मीना से शादी करने के लिए अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। ऑनलाइन गेम पबजी खेलने के दौरान दोनों की दोस्ती हुई थी।
लगभग 30 वर्षीय पाकिस्तानी महिला और उसके लगभग 25 वर्षीय भारतीय साथी को भारत में अवैध रूप से रहने के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।
4 जुलाई को, सचिन और सीमा दोनों ने मीडिया और पुलिस के सामने एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार का इज़हार किया और सरकार से उन्हें शादी करने और भारत में एक साथ रहने की अनुमति देने का आग्रह किया।